न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 03 अक्टूबर। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) बिलासपुर डिपो की बंदला रूटों पर चलने वाली बसों में लगातार ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। 90 से 100 यात्री जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं। स्थिति यह है कि बसें क्षमता से कहीं अधिक सवारियां ढो रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
यात्रियों का कहना है कि निगम की लापरवाही के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है। पहले इस रूट पर शाम 4:15 बजे एक बस चलती थी, लेकिन प्रबंधन ने उसका संचालन बंद कर दिया। इसके चलते अन्य बसों पर दबाव बढ़ गया और उनमें खचाखच यात्रियों की भीड़ भरने लगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद निगम प्रबंधन इस रूट पर 4:15 बजे वाली बस को बहाल नहीं कर रहा। उनका कहना है कि ऐसा लगता है जैसे निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो।
यात्रियों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही बस सेवा बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। वहीं, लोगों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि बंदला रूट पर ओवरलोडिंग रोकने और अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं। सूत्रों के अनुसार इस मामले में पुलिस अधीक्षक को इस बसों की निरंतर चेकिंग के लिए शिकायत दी गई है।