न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 12 अक्टूबर। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को भल्लू पुल के पास हुए दर्दनाक बस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के घर जाकर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, और इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिवारों को आवश्यक आर्थिक और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने इस हादसे को एक गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए भूस्खलन नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को और अधिक सुदृढ़ करना आवश्यक है।
