न्यूज अपडेट्स
झंडूता (बिलासपुर), 09 अक्टूबर। भल्लू हादसे के मृतक के अंतिम संस्कार से लौट रही महिला की टिकरी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बुधवार दोपहर झंडूता उपमंडल के टिकरी में कार और जीप की आमने-सामने टक्कर में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
जानकारी के अनुसार शाम करीब साढ़े चार बजे एक वाहन बरोहा से झंडूता बाजार की ओर और दूसरा झंडूता बाजार से बरोहा की दिशा में जा रहा था कि टिकरी में दोनों की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में बुद्धि राम पुत्र भगत राम निवासी रोपड़ी समोह झंडूता, रोशनी देवी पत्नी कृष्ण सिंह निवासी बलोट, सुनील कुमार पुत्र रत्न लाल निवासी डाहड़, फूला देवी पुत्र रत्न लाल निवासी डाहड़, रूप लाल निवासी डफेर झंडूता और निर्मला देवी पत्नी रूप लाल घायल हुए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को झंडूता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल फूला देवी को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर और बाद में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान फूला देवी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस थाना झंडूता प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की जांच जारी है।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से टिकरी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की है।
