न्यूज अपडेट्स
चम्बा, 02 अक्टूबर। सलूणी क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई है। पिता ने बताया कि उसकी बेटी पढ़ाई के लिए चम्बा आई हुई थी और बालू क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रही थी। बीते 28 सितम्बर को जब उन्होंने बेटी को फोन किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद लगातार दो दिन तक भी कोई संपर्क नहीं हो पाया।
परिजनों ने सभी रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायतकर्त्ता ने यह भी बताया कि क्षेत्र का ही एक युवक उसकी बेटी से संपर्क में रहता था और उससे फोन पर बातचीत करता था। जानकारी के अनुसार, वही युवक भी रविवार को चम्बा आया था, जिसके बाद उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
