Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

सीबीएसई स्कूलों के अध्यापकों का बनेगा अलग कैडर, ममलीग उप-तहसील को तहसील का दर्जा : CM सुक्खू

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
ममलीग (सोलन), 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के ममलीग में आयोजित एक विशाल जनसभा में ममलीग उप-तहसील को स्तरोन्नत कर पूर्ण तहसील बनाने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने ममलीग में लोक निर्माण विभाग का उप-मंडल खोलने, स्थानीय स्कूल की छत के लिए 50 लाख रुपए, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 50 हजार रुपए देने का ऐलान भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश अब शिक्षा के क्षेत्र में देश में 21वें स्थान से बढ़कर 5वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए खोले गए स्कूलों को बंद किया गया है, जबकि बच्चों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रथम चरण में 100 स्कूल सीबीएसई आधारित बनाए जा रहे हैं, जिनमें सभी विषयों के अध्यापकों का अलग कैडर बनाया जाएगा। इन स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग ड्रेस कोड भी होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पिछले वर्ष से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है।

श्री सुक्खू ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को भी सशक्त बना रही है। एम्स दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल के चिकित्सा संस्थानों में 3,000 करोड़ रुपए की आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी स्थापित की जा रही है। उन्होंने बताया कि चमियाणा और टांडा मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू कर दी गई है, जबकि आईजीएमसी, चमियाणा और टांडा में ऑटोमेटेड लैब स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसानों और पशुपालकों को सीधे लाभ दे रही है। दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर गाय के दूध का भाव 51 रुपए और भैंस के दूध का भाव 61 रुपए प्रति लीटर किया गया है। इसके अलावा प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं 60 रुपए, मक्की 40 रुपए और कच्ची हल्दी 90 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदी जा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार और संसाधनों की बर्बादी की, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए “माई डीड परियोजना” और राजस्व लोक अदालतों जैसी पहलें कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने 5,000 बीघा जमीन मात्र 14 करोड़ में दी, जबकि उसकी कीमत 1,000 करोड़ रुपए थी।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री का ममलीग पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ममलीग के पूर्व विद्यार्थियों, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, और समग्र शिक्षा परियोजना निदेशक राजेश शर्मा को स्कूल प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास में नई मिसालें कायम कर रही है। उन्होंने कहा कि ममलीग में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का शिलान्यास इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!