न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 23 सितम्बर। जिला बिलासपुर की गोविंद सागर झील में आज से वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पुनः आरंभ हो गई हैं। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने झील में स्पीड बोट और क्रूज राइड का अनुभव लेते हुए गतिविधियों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, अजय हांडा, गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सराज अख्तर, राज्य महासचिव इशान अख्तर और कोषाध्यक्ष निर्मला राजपूत भी मौजूद रहे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य बिलासपुर को एडवेंचर स्पोर्ट्स का प्रमुख हब बनाना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पिछले वर्ष वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की शुरुआत की गई थी, जिसे अब और अधिक आकर्षक और संगठित रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर को वॉटर स्पोर्ट्स, एरो स्पोर्ट्स और अन्य एडवेंचर गतिविधियों का केंद्र बनाने के प्रयास जारी रहेंगे। इससे न केवल पर्यटक बड़ी संख्या में यहां आकर्षित होंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
राहुल कुमार ने यह भी कहा कि चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर स्थित होने के कारण गोविंद सागर झील वॉटर स्पोर्ट्स के लिए अत्यंत उपयुक्त स्थान है। यहां क्रूज राइड, बनाना राइड, स्पीड बोट और वाटर स्कूटर जैसी रोमांचक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने देश और प्रदेश के पर्यटकों से आग्रह किया कि वे बिलासपुर आएं और गोविंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स का आनंद लें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा आने वाले समय में नई गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी।
इस मौके पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी रजनीश शर्मा, सहायक जिला पर्यटन विकास अधिकारी रितेश पटियाल और मीडियाकर्मी भी उपस्थित रहे।