न्यूज अपडेट्स
ऊना। हिमाचल पुलिस की विशेष जांच टीम पर डाले गए छापे से नाराज ऊना सदर से पूर्व कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने बुधवार को DGP अतुल वर्मा पर केंद्र के इशारे पर सुक्खू सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया। उन्होंने अंब में एक प्रेस वार्ता के दौरान सवाल किया कि DGP यह क्यों नहीं बता रहे हैं कि इस छापे से उन्हें क्या मिला?
SIU कर्मचारियों के घर की गई छापेमारी
रायजादा ने कहा कि डीजीपी के पास यदि इनपुट थे तो पुलिस के हाथ खाली क्यों रहे। सोमवार को पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने SIU कर्मचारियों के घर की गई छापेमारी की थी। SIU सदस्यों पर माफिया के साथ मिलीभगत के आरोप थे। सतपाल रायजादा ने दावा किया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों के इनपुट के आधार पर छापेमारी सरकार को अस्थिर करने का प्रयास है। उन्होंने भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, सत्ती उनके होटल व्यवसाय को लेकर लगातार भ्रामक बयान दे रहे हैं।
सत्ती अपने होटल कारोबार का खुलासा करें
रायजादा ने चेतावनी दी कि अगर सत्ती अपने कारोबार का खुलासा नहीं करते हैं, तो वह खुद उनके व्यवसाय की जांच-पड़ताल कर जनता के सामने लाएंगे। उन्होंने सत्ती के परिवार पर अवैध खनन में संलिप्त होने का आरोप लगाया और कहा कि इससे जुड़े ऑडियो-वीडियो साक्ष्य लोगों के पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सत्ती को बताना चाहिए कि वह क्या-क्या कारोबार चलाते हैं।
यदि विधायक ने जनता को नहीं बताया तो वह खुद उनके कारोबार की जानकारी जनता के सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि विधायक के परिवार के सदस्य अवैध खनन में संलिप्त रहे हैं। विधायक के समर्थकों के ऑडियो-वीडियो लीक होते रहे हैं जो अभी लोगों के पास हैं। उन्होंने कहा कि विधायक को सोच-समझकर बयान देना चाहिए।