न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 14 नवंबर। कीरतपुर-मनाली फोरलेन बनने के बाद पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसों की आवाजाही कम होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानियों को देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत दो दिनों में अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाकर 47 बसों के चालान किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वारघाट रूट पर चलने वाली बसों को निर्धारित पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग से ही गुजरना होगा।
अभियान के पहले दिन परिवहन विभाग की टीम ने मंडी भराड़ी में नाका लगाकर बसों की जांच की। इस दौरान एचआरटीसी, निजी और अन्य राज्यों की कुल 45 बसों को जांच के लिए रोका गया। इनमें से 37 बसों के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान किए गए।
परिवहन विभाग की टीम ने मंडी भराड़ी और मैहला में नाके लगाए। अभियान के दूसरे दिन मैहला में नाका लगाया गया। यहां दोपहर तक 10 बसों के चालान किए जा चुके थे। इस तरह विभाग ने दो दिनों में कुल 47 बसों पर कार्रवाई की है।
पहले दिन चालान की गई बसों के संचालकों को अपने दस्तावेजों की जांच करवाने के लिए 19 नवंबर तक का समय दिया गया है। फिलहाल चालान की राशि मौके पर जमा नहीं करवाई गई है। विभागीय टीम बसों के रूट और दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि अदालत के आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस सेवा बहाल रखने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने बसों को निर्धारित रूट से ही चलाने के आदेश दिए थे।
दरअसल, कीरतपुर-मनाली फोरलेन शुरू होने के बाद स्वारघाट रूट पर चलने वाली कई बसें पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग से बजाय नए फोरलेन से आवाजाही शुरू कर दी थीं। इसके चलते पुराने हाईवे के किनारे बसे गांवों के लोगों को नियमित बस सुविधा नहीं मिल पा रही थी। ग्रामीणों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रोजाना बसों से सफर करने वाले लोगों के लिए परिवहन सुविधा का अभाव बड़ी समस्या बन गया था।
आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी चेकिंग
परिवहन विभाग के सीनियर असिस्टेंट संत राम ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए बसों की जांच की जा रही है। स्वारघाट रूट पर चलने वाली बसों को निर्धारित पुराने मार्ग से ही गुजरना होगा। पहले दिन मंडी भराड़ी में 37 और दूसरे दिन मैहला में 10 बसों के चालान किए गए हैं। चालान की गई बसों के संचालकों को दस्तावेजों की जांच करवाने के लिए 19 नवंबर तक का समय दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाकर बसों की आवाजाही की जांच की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से पुराने हाईवे के किनारे बसे गांवों के लोगों को नियमित बस सुविधा मिलने की उम्मीद है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वारघाट रूट पर चलने वाली कोई भी बस निर्धारित पुराने मार्ग को छोड़कर नए फोरलेन से नहीं गुजरेगी।
