न्यूज अपडेट्स
चंबा, 17 अक्टूबर। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि टैक्सी परमिट की अवधि 12 साल से बढ़ाकर 15 साल करने का वादा पूरा हो गया है। उन्होंने 28 अगस्त को प्रदेश के टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन का अनशन समाप्त करवाते हुए यह मामला केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने का भरोसा दिया था।
जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अपनी ओर से हर संभव प्रयास करते हुए टैक्सी ऑपरेटरों की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने यदि पहले ही गंभीरता और ईमानदारी से प्रयास किए होते, तो टैक्सी ऑपरेटरों को आंदोलन और अनशन करने की जरूरत नहीं पड़ती।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन आधारित राज्य है और पर्यटन को बढ़ावा देने में टैक्सी ऑपरेटरों की अहम भूमिका है। कोरोना काल में पर्यटन गतिविधियां ठप होने और परिवहन क्षेत्र प्रभावित होने के दौरान उनकी सरकार ने टैक्सियों, बसों और ट्रकों का दो साल का टैक्स माफ किया था। जिन ऑपरेटरों ने पहले ही टैक्स जमा करवा दिया था, उन्हें यह राशि वापस भी की गई थी।
