Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

Himachal News: ट्रैफिक खुलवाने पहुंचे SI की दर्दनाक मौत, दो बसों के बीच फंसने से हुई मौत

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
ऊना, 18 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में चिंतपूर्णी के भरवाईं चौक पर यातायात सुचारू करवाते समय दो बसों के बीच फंसने से SI राजेश कुमार धीमान की मौत हो गई। चिंतपूर्णी पुलिस थाने में तैनात 53 वर्षीय राजेश कुमार को भरवाईं में जाम लगने की सूचना मिली थी।

वह पुलिस टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर भरवाईं वन विभाग कार्यालय के पास सड़क के मोड़ पर ट्रैफिक खुलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो बसों को पास करवाते समय वह उनके बीच आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भरवाईं चौक पर जाम लगने की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर मिली थी। इसके बाद एसआई राजेश कुमार धीमान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात सुचारू करवाने लगे। इसी दौरान मुबारिकपुर (ऊना) और कांगड़ा की दिशा से आ रही दो बसें एक-दूसरे को क्रॉस करने लगीं। इस दौरान राजेश कुमार दोनों बसों के बीच फंस गए और बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन टांडा ले जाते समय भरवाईं के समीप ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है

बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज
चिंतपूर्णी पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करेगी। इसके आधार पर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम के बाद राजेश कुमार के पार्थिव शरीर को कुछ समय के लिए चिंतपूर्णी पुलिस थाने लाया जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान नगरोटा सूरियां, जिला कांगड़ा ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पत्नी, बेटा और बेटी को छोड़ गए पीछे
53 वर्षीय राजेश कुमार धीमान मूल रूप से कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां के रहने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनका बेटा बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी शोध कार्य में जुटी है। पुलिस विभाग के सहयोगियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेश कुमार मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे।

उनके निधन पर चिंतपूर्णी थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने कहा कि पुलिस विभाग ने अपना एक जवान खो दिया है और इस दुख की घड़ी में पूरा विभाग शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। चिंतपूर्णी व्यापार मंडल सहित स्थानीय लोगों ने भी राजेश कुमार के निधन पर शोक जताया है।

उधर, इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि हादसा बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। इस दुःखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजन के साथ हैं

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!