न्यूज अपडेट्स
लाहौलस्पीति, 20 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले में सोमवार को तांडी गांव के पास एक वाहन के चंद्रभागा नदी में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान जिले के उदयपुर तहसील के शलग्रां गांव निवासी शिव कुमार, अजय और कार्तिक के रूप में हुई है। मृतकों में पिता पुत्र भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग गाड़ी में सवार होकर बारात में जा रहे थे, तभी तिंदी के पास कार अनियंत्रित होकर चंद्रभागा नदी में जा गिरी।
वहीं, घायलों की पहचान लाहौल एवं स्पीति निवासी रोहित, पुष्पेंद्र, समीर और विवेक के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि घायलों का उदयपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
