न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 16 अक्टूबर। स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत कपाहड़ा में विवाद गहरा गया है। स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर विद्युत विभाग ने पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा के घर का बिजली कनेक्शन काट दिया। विभाग की कार्रवाई से नाराज प्रधान ने कहा कि यह फरमान तो ब्रिटिश हुकूमत को भी पीछे छोड़ गया। उन्होंने अपनी निजी जमीन पर लगे बिजली के खंभे और तार 24 घंटे में हटाने की चेतावनी दी है। उधर, विभाग ने कार्रवाई को नियमानुसार बताया है।
प्रधान विनय कुमार शर्मा ने बताया कि विद्युत विभाग ने 14 अक्टूबर को उन्हें और उनके दिवंगत पिता के नाम पर स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर नोटिस जारी किए थे। नोटिस में 24 घंटे के भीतर स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद विभाग ने उनके घर की बिजली काट दी। प्रधान ने बताया कि 9 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत कपाहड़ा की ग्राम सभा में पुराने बिजली मीटर नहीं बदलने के संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया था। पंचायत की ओर से यह प्रस्ताव विभागीय अधिकारियों को भी भेजा गया था। इसके बावजूद स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी रही।
प्रधान ने आरोप लगाया कि विभाग उपभोक्ताओं की आशंकाओं का समाधान करने के बजाय उन पर स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बना रहा है। उन्होंने अपने दिवंगत पिता के नाम पर नोटिस जारी किए जाने पर भी सवाल उठाए। प्रधान का कहना है कि उपभोक्ताओं को अपनी बात रखने और आशंकाओं का समाधान करवाने का अवसर मिलना चाहिए। प्रधान विनय कुमार शर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में उन्होंने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में भी याचिका दायर की है। बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद उन्होंने विभाग को अपनी निजी भूमि पर लगे बिजली के खंभे और तार 24 घंटे में हटाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग की अनदेखी की गई तो वह इस मामले में कड़ा रुख अपनाएंगे।
उधर, विद्युत विभाग के एक्सईएन कर्ण चंदेल ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए संबंधित उपभोक्ता को नोटिस दिया गया था। विभाग ने पूरी कार्रवाई नियमानुसार की है।
