न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 28 सितंबर। कांगड़ा के अब्दुलापुर में रविवार को कबड्डी लीग टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मैच देखने के लिए पंचायत भवन के लेंटर पर क्षमता से अधिक लोग चढ़ गए थे। इसी दौरान अचानक लेंटर का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे में लेंटर पर खड़े और नीचे बैठे दर्शकों समेत 25 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आयोजकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों व एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल कांगड़ा पहुंचाया गया।
सिविल अस्पताल में सभी घायलों का उपचार किया गया। इनमें 14 वर्षीय हर्ष, 18 वर्षीय सुजल और 19 वर्षीय मोहित की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और क्षमता से अधिक लोगों के जमा होने को लेकर आयोजकों से पूछताछ की जा रही है।
