न्यूज अपडेट्स
देहरा, 28 सितंबर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का पुलिस जिला देहरा ने कड़ा संज्ञान लिया है। वीडियो में यातायात जांच के दौरान पुलिस विभाग में तैनात एक कर्मचारी को कार सवार लोगों से बातचीत करते हुए देखा जा रहा है। प्रथम दृष्टया कर्मचारी का व्यवहार अनुचित प्रतीत होने तथा अनुचित मांग किए जाने का आभास होने पर पुलिस अधीक्षक देहरा ने तत्काल कार्रवाई की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला देहरा ने संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेज दिया है। वहीं, मामले की निष्पक्ष जांच और आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ डाडासीबा को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक पुलिस कर्मचारी से आम जनता के साथ शालीन, मर्यादित एवं सम्मानजनक व्यवहार करने की अपेक्षा की जाती है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित आचरण को विभाग गंभीरता से लेता है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यदि वायरल वीडियो में सामने आए तथ्यों की पुष्टि होती है, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
