दिवाली स्पेशल बसों के नाम पर बिलासपुर की जनता को परेशानी में डालने का आरोप, HRTC के प्रबंध निदेशक और उपमुख्यमंत्री को भेजी शिकायत
न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 11 नवंबर। बिलासपुर HRTC डिपो प्रबंधन का एक नया मामला सामने आया है, जहां दिवाली के दौरान स्पेशल बसों के संचालन के नाम पर बिलासपुर डिपो की बसों को हमीरपुर जिला में भेजा गया है। इसके चलते जहां एक ओर अन्य जिलों में बसों का संचालन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बिलासपुर जिला के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बसों की कमी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि दिवाली के त्योहार के दौरान HRTC की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल बसें चलाई जाती हैं, ताकि लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में परेशानी न हो। लेकिन बिलासपुर डिपो में स्पेशल बसों की व्यवस्था स्थानीय यात्रियों की परेशानी बढ़ाने का कारण बनती दिखाई दे रही है। आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों के रूटों पर एक ही बस में दो अलग-अलग रूटों के यात्रियों को भेजा जा रहा है। इतना ही नहीं, चंडीगढ़ से वापस आने वाली बसों में बीच रास्ते में यात्रियों की अदला-बदली कर उन्हें ग्रामीण रूटों पर भेजा जा रहा है। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के पास अन्य कोई वैकल्पिक परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में इन बसों में सफर करना पड़ रहा है।
वहीं, बंदला रूट पर चलने वाली बस में भी भारी ओवरलोडिंग देखने को मिली है। बताया जा रहा है कि सिहड़ा रूट पर चलने वाली बस को पिछले तीन-चार दिनों से नहीं भेजा जा रहा है। इसके चलते बंदला रूट की बस में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस मामले को लेकर जिला युवा कांग्रेस के पूर्व सचिव अनिल ने HRTC प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ बिलासपुर जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ बिलासपुर डिपो की बसों को कथित हमीरपुर जिला में स्पेशल सेवाओं के लिए भेजा जा रहा है। यह समझ से परे है कि जब अपना जिला ही बसों की कमी से जूझ रहा है तो दूसरे जिलों में बसें भेजने का क्या औचित्य है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की जानकारी में होने के बावजूद ग्रामीण यात्रियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। इस संबंध में HRTC के प्रबंध निदेशक और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को शिकायत भेजकर पूरे मामले की जांच करवाने तथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई गई है।
