न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 29 सितंबर। बिलासपुर पुलिस के विशेष अन्वेषण दल ने थाना स्वारघाट क्षेत्र के कैंचीमोड़ में नाकाबंदी के दौरान बाइक को रोककर तलाशी ली तो इस दौरान बाइक सवार 2 व्यक्तियों से करीब 101 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों करण (23) निवासी घनौली-पंजाब व राकेश प्रसाद (24) निवासी प्रेम नगर-बलाचौर पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है।
अब तक की छानबीन में पुलिस ने यह पाया है कि आरोपी करण पर पंजाब के रूपनगर थाने में पहले से ही 4 आपराधिक मुकद्दमे चल रहे हैं, जिनमें से एक मुकद्दमा पहले की भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत दर्ज है, जबकि 3 मामले एनडी एंड पीएस एक्ट की धारा 21 के तहत दर्ज हैं।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि इस मामले में थाना स्वारघाट में एनडी एंड पीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है व पुलिस नशे की सप्लाई के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर पूरे नैटवर्क तक पहुंचने के प्रयास कर रही है।
