Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर: मंडी भराड़ी में 3.25 करोड़ रुपए की लागत बन रहा अत्याधुनिक बस अड्डा, दिसंबर में बनकर होगा तैयार

News Updates Network
By -
0
Bilaspur: A state-of-the-art bus stand is being built in Mandi Bharari, it will be ready in December.
बिलासपुर के मंडी भराड़ी में निर्माणाधीन बस अड्डा

न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 27 सितंबर। बिलासपुर जिले के मंडी भराड़ी में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 3.25 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से विकसित की जा रही यह परियोजना क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करेगी। इस बस स्टैंड के निर्माण के लिए लगभग 1.17 बीघा भूमि उपलब्ध करवाई गई है तथा 31 दिसंबर, 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बिलासपुर के मंडी भराड़ी में निर्माणाधीन बस स्टैंड अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट प्वाइंट और परिवहन जंक्शन के रूप में कार्य करेगा। परिवहन की दृष्टि से मंडी-भराड़ी बिलासपुर का वह एक महत्वपूर्ण स्थान है जहां चंडीगढ-कीरतपुर-मनाली फोरलेन तथा शिमला-धर्मशाला फोरलेन सड़कें आपस में मिलती हैं। इस स्थान से प्रतिदिन सैंकड़ों बसों के माध्यम से यात्री प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए आवागमन करते हैं। सबसे अहम बात यह है कि यहां से बिलासपुर शहर की दूरी भी लगभग 12 किलोमीटर दूर है। ऐसे में यात्रियों को विभिन्न गन्तव्यों की ओर जाने के लिए मंडी-भराड़ी से बस पकड़नी पड़ती है।

 क्या कहते हैं यात्रीगण

इस संबंध में नालागढ़ निवासी खुशी, बिलासपुर निवासी शाहरुख तथा सुंदर नगर निवासी राकेश कुमार का कहना है कि वर्तमान में इस स्थान पर न तो यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने की कोई उचित व्यवस्था उपलब्ध है, न ही पेयजल एवं शौचालय की सुविधा। यात्रियों को कड़ाके की धूप, ठंड या फिर बारिश के मौसम में बसों का इंतजार करना पड़ता है, जबकि रात्रि के समय यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। लेकिन प्रदेश सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए यहां पर इस अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू किया है। जिससे यात्रियों को हो रही इन असुविधाओं से राहत मिलेगी तथा आवागमन भी बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम्य होगा।

इस अत्याधुनिक बस स्टैंड में एक समय में लगभग आठ बसों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। बसें यहां अल्प अवधि के लिए रुकेंगी, यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा प्रदान करने के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगी। इससे बसों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ-साथ जंक्शन पर यातायात प्रबंधन को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

स्थापित होगा ईवी चार्जिंग स्टेशन, ग्रीन हिमाचल की अवधारणा को मिलेगा बल

राज्य सरकार की ‘ग्रीन हिमाचल’ की अवधारणा के अनुरूप इस परियोजना में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। बस स्टैंड परिसर में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा। यह सुविधा ई-बसों सहित इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बस स्टैंड में यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, फूड कोर्ट भी होगा संचालित

बस स्टैंड परिसर को यात्रियों की सुविधाओं को केंद्रित करते हुए आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। भवन के शीर्ष तल पर यात्रियों के लिए एक विस्तृत फूड कोर्ट स्थापित होगा, जहां भोजन एवं जलपान की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रथम तल पर एक छोटा फूड कोर्ट तथा बस चालकों के लिए विश्राम कक्ष,  द्वितीय तल पर एचआरटीसी कार्यालय, स्टाफ और चालकों के लिए कमरों की व्यवस्था रहेगी। जबकि ग्राउंड फ्लोर में दैनिक टिकट बुकिंग एवं पूछताछ कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इससे यात्रियों को टिकट संबंधी जानकारी और अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अतिरिक्त सभी तलों पर स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था भी रहेगी।

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार का कहना है कि मंडी-भराड़ी जिला का एक अहम स्थान है। जिला प्रशासन इस स्थान को एक बेहतरीन पर्यटन गंतव्य के तौर पर विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्यरत है। यहां पर आधुनिक बस स्टैंड स्थापित हो जाने से जहां यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा सुनिश्चित होगी तो वहीं जलक्रीड़ा सहित अन्य साहसिक गतिविधियों का भी लोग आसानी से आनंद उठा पाएंगे।

क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी बिलासपुर विवेक लखनपाल का कहना है कि मंडी भराड़ी का यह बस स्टैंड आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर बस संचालन और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था का समन्वित मॉडल होगा। बसों के लिए व्यवस्थित ठहराव व्यवस्था, ईवी चार्जिंग सुविधा, फूड कोर्ट, विश्राम कक्ष, टिकट बुकिंग एवं पूछताछ कार्यालय तथा व्यावसायिक सुविधाओं के साथ यह परियोजना क्षेत्र के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को दिसम्बर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!