Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

चंबा में दर्दनाक हादसा, निजी बस हुई हादसे की शिकार, 7 की दर्दनाक मौत, अन्य घायल

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
चंबा, 08 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे एक निजी बस पलटकर नीचे की सड़क पर जा गिरी, जिससे सात यात्रियों की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह हादसा उस समय हुआ जब बस बैरागढ़ से चंबा जा रही थी। बैरागढ़-तीसा मार्ग पर चालुज मोड़ के पास बस पलट गई। चुराह घाटी का 27 किलोमीटर लंबा यह पहाड़ी मार्ग बेहद संकरा है और कई जगह गहरी खाइयां हैं। यह मार्ग ऊंचाई पर स्थित साच दर्रे की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों में से एक है।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है और 11 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बस में कुल कितने लोग सवार थे। सकलानी ने बताया कि यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और राजस्व विभाग के कर्मियों का दल बचाव कार्य में जुटा है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जगदेव (50), देश राज (35), जहदेही (24), हरदेही (43), नीलम (34), बस चालक रूप सिंह (35) और परिचालक तेज सिंह (39) के रूप में हुई है। सभी चंबा जिले के चुराह क्षेत्र के रहने वाले थे।

वहीं, घायलों में करण सिंह, सुष्मिता, पानो देवी, धानी, धर्मो देवी और विजय कुमार के अलावा पांच नाबालिग-प्रियंका, हर्षा, काव्या, अप्रित और नेहा शामिल हैं। घायल 11 लोगों में से छह को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें चंबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। स्थानीय प्रधान मंधी राणा ने भी बताया कि बचाव अभियान जारी है। सड़क के बीचोंबीच उलटी पड़ी बस के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। 

राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे में लोगों के हताहत होने पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने 'फेसबुक' एवं 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि चंबा जिले के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुए बस हादसे में सात लोगों के निधन तथा 11 अन्य लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने कहा, ''इस दुःखद हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत जन की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।'' उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, ''मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।''

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!