Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: उफनते नाले में 50 मीटर तक बहता चला गया युवक, मौत के मुंह से ऐसे बची जान

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
ऊना, 19 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के चलते बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। क्षेत्र की अरलू पंचायत के भरमौत गांव में एक 35 वर्षीय युवक उफनते नाले को पार करते समय पानी के तेज बहाव में बह गया। गनीमत रही कि कुछ दूरी पर वह बांस के एक झुंड में अटक गया, जिससे चमत्कारिक रूप से उसकी जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। भरमौत गांव निवासी 35 वर्षीय रिंपल कुमार गांव के दगडूं जोल नाले को पार करने का प्रयास कर रहा था। भारी बारिश के कारण नाले का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। पानी का बहाव इतना तेज था कि रिंपल अपना संतुलन खो बैठा और तिनके की तरह नाले में बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रिंपल पानी के तेज वेग में करीब 50 मीटर तक बहता चला गया। इस दौरान मौत को सामने देख रहे युवक की किस्मत अच्छी थी कि वह नाले के किनारे मौजूद बांस के एक झुंड में जाकर फंस गया, जिससे वह आगे बहने से रुक गया।

युवक के नाले में बहने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले में फंसे रिंपल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौत के मुंह से सुरक्षित वापस लौटने पर युवक के परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। नाले से बाहर निकालने के तुरंत बाद युवक को स्वास्थ्य उपचार मुहैया कराया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

इस घटना के बाद उपमंडल प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बरसात के मौसम में क्षेत्र के सभी नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन्हें पार करने का प्रयास न करें। साथ ही, अभिभावकों को हिदायत दी गई है कि वे बच्चों और स्वयं को नदी-नालों से पूरी तरह दूर रखें ताकि ऐसी किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!