न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 17 अगस्त। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठगने के आरोप में घुमारवीं पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार तलवाड़ा निवासी शिवानी, पत्नी स्वर्गीय सुनील कुमार, ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके एवज में पांच लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पति की 27 जून 2025 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई थी, जिसके बाद उसे करीब एक करोड़ रुपये की बीमा पालिसी की राशि मिली थी। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति को इसकी जानकारी होने के बाद वह लगातार उससे संपर्क में रहा और पैसे निवेश करने की बात भी कही।
शिकायत के मुताबिक बाद में उक्त व्यक्ति ने शिवानी को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाते हुए पांच लाख रुपये देने को कहा। आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को उसने शिकायतकर्ता के मूल दस्तावेज भी अपने पास ले लिए और 16 जुलाई को पांच लाख रुपये देने की बात कही। इसके बाद शिकायतकर्ता ने उससे संपर्क किया तो कथित तौर पर उसने पहले शिमला में होने की बात कही। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि 18 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता ने कुठेड़ा डाकघर से अपने बच्चे की सावधि जमा तुड़वाकर पांच लाख रुपये निकाले और सिल्ह क्षेत्र में संबंधित व्यक्ति को नकद राशि दी। शिकायतकर्ता के अनुसार इस लेन-देन से संबंधित साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं।
बाद में जब उसने नौकरी नहीं लेने और अपने पैसे व दस्तावेज वापस करने की मांग की तो कथित तौर पर आरोपी ने टालमटोल की और बाद में पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके पास कथित बातचीत की ध्वनि अभिलेख और वार्ता भी मौजूद हैं। शिकायत के आधार पर घुमारवीं पुलिस ने 26 जुलाई 2026 को मामला दर्ज किया। प्रथम सूचना रिपोर्ट में आरोपी को फिलहाल अज्ञात-1 दर्शाया गया है। पुलिस अभिलेख के अनुसार मामले की जांच मुख्य आरक्षी संदीप कुमार, संख्या 31 को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा मामले से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और कथित ठगी में शामिल व्यक्ति की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।
