न्यूज अपडेट्स
ऊना, 25 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां पर श्रद्धालुओं से भरा एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं, इस हादसे में 50 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह से करीब दो किलोमीटर दूर हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार को हरियाणा से श्रद्धालु पीर निगाह पहुंचे थे।
मंगलवार सुबह वह माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के लिए जा रहे थे, तभी पीर निगाह से करीब दो किलोमीटर दूर श्रद्धालुओं से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने फौरन राहत कार्य शुरू किया।
वहीं, सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भर्ती कराया गया है। यहां सभी का उपचार चल रहा है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
