न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 09 जुलाई। बिलासपुर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 28 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए 24 घंटे में 8 वाहन बदले, केवल लिंक रोड का इस्तेमाल किया और सीसीटीवी कैमरों व पुलिस नाकों से बचते रहे।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे मंडी भराड़ी के समीप सनी गिल पर दो व्यक्तियों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद थाना सदर में अभियोग संख्या 167/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(2), 115(2), 352, 351(2) और 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से सुनियोजित तरीके से फरार होने की तैयारी में थे। वारदात के बाद उन्होंने लगातार वाहन बदले, बरठीं और बंजार के घने जंगलों में छिपे रहे तथा तकनीकी निगरानी से बचने के लिए मोबाइल फोन भी बंद रखे।
बिलासपुर पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरभ पटियाल उर्फ फांदी और कुलभूषण ठाकुर उर्फ लक्की को बंजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस कार्रवाई को केवल 28 घंटे के भीतर अंजाम दिया।
मामले में धीरज धर्माणी, सूर्य चंदेल और अनिल कुमार को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें धीरज धर्माणी को 8 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अनिल कुमार को आज हिरासत में लिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात की साजिश में अन्य व्यक्तियों की भी भूमिका रही और आरोपियों को वाहन सहित अन्य लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करवाई गई।
मुख्य आरोपियों को बिलासपुर लाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े सभी व्यक्तियों व तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
