न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 16 जुलाई। हमीरपुर जिला की दोसड़का स्थित सब जेल में बुधवार को मोबाइल फोन, इलैक्ट्रॉनिक डिवाइस, तंबाकू उत्पाद एवं छोटी-मोटी नकदी की खेप बरामद होने का संवेदनशील मामला सामने आया है। इस तरह के अति संवेदनशील मामले की सूचना मिलते ही जेल में तैनात वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी भी सकते में आ गए हैं। विश्वत सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर को किन्हीं अज्ञात लोगों द्वारा इस खेप को सब जेल परिसर में पहुंचाने के गैरकानूनी कार्य को अंजाम दिया है।
हालांकि इस घटना की सूचना मिलते ही जेल के सुपरिंटैंडैंट ने तत्परता दिखाते हुए इस संदर्भ में सदर पुलिस को शिकायत दी। इस घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर कुलवंत सिंह राणा ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपनी टीम के साथ जेल परिसर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है।
एल्युमिनियम फॉयल के लिफाफे में बरामद हुई ये वस्तुएं
जानकारी के अनुसार बुधवार को जेल परिसर में तैनात किसी संतरी की नजर एक एल्युमिनियम फॉयल के लिफाफे पर पड़ी। इसके उपरांत उसने इस बारे जेल अधीक्षक को बताया। इसके उपरांत जब इसे निगरानी में खोला गया तो इसके अंदर खाकी टेप से इन संवेदनशील वस्तुओं को सुनियोजित तरीके से लपेटा गया था। सूत्रों के मुताबिक लिफाफे के अंदर डाटा केबल, मोबाइल फोन, बीड़ी, तम्बाकू के पैकेट, चाय पत्ती, लाइटर्स, कैप्सूल, 100 और 5 रुपए की नकदी इत्यादि बरामद हुई है। हालांकि जिला पुलिस और जेल के अधिकारियों ने इन्वैस्टीगेशन का हवाला देकर अभी इनके बारे में स्पष्ट तौर पर खुलासा नहीं किया है।
इस सब जेल में यह खेप कैसे पहुंची यह जांच का विषय है और पुलिस इस मामले की पड़ताल में गहनता से जुट गई है। खैर यह खेप किसी ने भी बाऊंडरी वॉल के बाहर से जेल परिसर में फैंकी या जेल में तैनात किसी कर्मी ने इसे जेल परिसर में पहुंचाया, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस इन्वैस्टीगेशन के उपरांत ही संभव हो सकेगा, परन्तु जेल में इस तरह की वस्तुएं बरामद होने से सुरक्षा और मुस्तैदी समेत कई तरह के सवाल उठना लाजिमी है। इसके साथ ही जेल में इस तरह की यह पहली खेप है या इस तरह की खेप पहले भी यहां पहुंचती रही है, यह भी पुलिस जांच का विषय है। एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि ऐसी घटना की जानकारी उन्हें मिली है। इस पैकेट में क्या है, उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
