न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 20 जुलाई। पुलिस थाना संगड़ाह के तहत मंडोली स्थित एक रैस्टोरैंट में पकौड़े पैक करने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार विजय कुमार पुत्र रूप सिंह निवासी गांव घाटों, डाकघर बड़ग, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई अमल में लाई है।
शिकायत में बताया गया है कि मंडोली स्थित रिमझिम फैमिली रैस्टोरैंट में अशोक, राजेन्द्र, पवन और रोहित नामक 4 व्यक्ति पहुंचे थे। इसी दौरान पकौड़े पैक करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अशोक रसोईघर में घुस गया और विजय कुमार के कान पर थप्पड़ मार दिया।
शिकायत के अनुसार उसके साथियों ने अशोक को बाहर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वह दोबारा रसोईघर में आ गया और फिर से मारपीट करने का प्रयास किया। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
