न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 20 जुलाई। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर जिला पुलिस को एक और सफलता मिली है। भराड़ी पुलिस ने गश्त और नियमित चेकिंग के दौरान एक युवक को 7.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना भराड़ी की टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 7.28 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना भराड़ी में अभियोग संख्या 80/2026, दिनांक 19 जुलाई 2026 के तहत धारा 21, एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिशव चौधरी (32 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार, निवासी गांव टकरेड़ा, डाकघर बरोटा, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
