न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 26 जून। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर फोरलेन के जकातखाना क्षेत्र में को एक बार फिर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। जाम के कारण सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों तक सड़क पर फंसे रहे, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यह अब रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है और लगभग हर दिन इस मार्ग पर लंबा जाम लग रहा है।
जानकारी के अनुसार, फोरलेन पर थापना के पास निर्माण कार्य के चलते सड़क का एक हिस्सा अभी भी सिंगल लेन पर संचालित किया जा रहा है। टनल के दोनों छोर पर एक समय में केवल एक दिशा का यातायात चलने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। इसके चलते चंडीगढ़ और मनाली दोनों ओर जाने वाले वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं।
वाहन चालकों का कहना है कि एक ओर वे फोरलेन का पूरा टोल टैक्स अदा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें बेहतर और सुगम यात्रा सुविधा नहीं मिल रही। उनका आरोप है कि पूर्ण टोल वसूली के बावजूद ट्रैफिक प्रबंधन और निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं दिख रही, जिसका खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
ट्रक चालकों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन लगने वाले लंबे जाम के कारण समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। उनका कहना है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए पहले का स्वारघाट मार्ग अधिक सुविधाजनक था, क्योंकि वहां इतनी लंबी देरी का सामना नहीं करना पड़ता था।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित एजेंसियां ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाएं और थापना क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करें, ताकि चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके। साथ ही यात्रियों ने सवाल उठाया है कि जब तक फोरलेन पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाता, तब तक पूर्ण टोल वसूली पर भी पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
