न्यूज अपडेट्स
मंडी (बल्ह), 25 जून। बल्ह तहसील के अंतर्गत पंचायत समलोन के गांव खखरियाना में जमीन विवाद को लेकर सामने आए मामले में अब बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। तहसीलदार बल्ह द्वारा की गई विवादित निशानदेही को एसडीएम बल्ह ने गलत ठहराते हुए रद्द कर दिया है। इस फैसले के बाद ग्रामीणों और प्रभावित परिवार ने राहत की सांस ली है तथा एसडीएम महोदया का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि गांव खखरियाना के ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि तहसीलदार द्वारा की गई निशानदेही में लगभग 100 वर्ष पुरानी पुश्तैनी भूमि, खसरा नंबर 666, को कथित रूप से खसरा नंबर 665 में शामिल कर दिया गया था। ग्रामीणों का कहना था कि यह कार्रवाई नियमों के विपरीत तथा एकतरफा तरीके से की गई, जिससे गांव में तनाव और विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी।
मामले को लेकर ग्रामीणों और प्रभावित पक्ष ने प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम बल्ह ने पूरे प्रकरण की समीक्षा की। जांच के दौरान निशानदेही प्रक्रिया में खामियां पाए जाने के बाद संबंधित कार्रवाई को निरस्त कर दिया गया।
एसडीएम के इस फैसले के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि यदि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो गांव में जमीन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो सकता था। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में राजस्व मामलों में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाएगी ताकि आम लोगों को न्याय मिल सके।
स्थानीय लोगों ने कहा कि एसडीएम महोदया द्वारा निष्पक्ष जांच कर सही निर्णय लिया गया है, जिसके लिए समूचे क्षेत्र के लोग उनका धन्यवाद करते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि मामले की विस्तृत जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
