न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 20 जून। (अनिल) बिलासपुर से बंदला सड़क मार्ग पर HRTC की बसों के लगातार खराब होने से यात्रियों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। लगातार तीसरे दिन बस के बीच रास्ते में खराब होने से यात्रियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार बसों का ब्रेकडाउन होना बिलासपुर डिपो प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन इस समस्या के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
जानकारी के अनुसार 18 जून को बिलासपुर से बंदला जा रही HRTC बस सिहरा घाट के पास खराब हो गई थी। बस खराब होने के बाद यात्रियों के लिए कोई अतिरिक्त बस उपलब्ध नहीं करवाई गई, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके बाद 19 जून को भी इसी रूट पर मुख्य मार्ग से मात्र दो मोड़ ऊपर बंदला सड़क संपर्क मार्ग पर बस बीच रास्ते में खराब हो गई। हालांकि इस बार निगम की ओर से अतिरिक्त बस उपलब्ध करवाई गई, लेकिन लगातार दूसरे दिन बस खराब होने से यात्रियों की चिंता बढ़ गई।
वहीं, 20 जून को सुबह 7 बजे बिलासपुर से वाया बंदला ब्रह्मपुखर के लिए रवाना होने वाली दिन की पहली बस सेवा भी बीच रास्ते में खराब हो गई। लगातार तीसरे दिन बस खराब होने की घटनाओं ने बिलासपुर डिपो की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रबंधन की कार्यकुशलता में कमी का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
क्षेत्र के यात्रियों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिलासपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक इस बदहाल व्यवस्था में शीघ्र सुधार करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बंदला रूट पर बसों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग क्षेत्रीय प्रबंधन कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी HRTC प्रबंधन की होगी।
