Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: भीषण गर्मी में करवट बदलेगा मौसम, हिमपात और बारिश की संभावना

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 08 जून। हिमाचल में भीषण गर्मी के बीच मौसम जल्द करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के मैदानी जिलों में जहां अगले 48 घंटों के दौरान भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहेगा, वहीं 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात और व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को राज्य के तीन जिलों ऊना, बिलासपुर और सोलन में लू चलने का 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसके कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है। वहीं, गर्मी के बीच 11 जून से मौसम करवट ले सकता है। 

मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में 11 जून से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है, जिससे तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से 11 और 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग का अनुमान है कि 13 जून से मौसम फिर सामान्य हो सकता है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली की लाइनें और संचार प्रणाली (कम्युनिकेशन सिस्टम) अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती हैं। बता दें कि पिछले 24 घंटों में कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री तक बढ़ा है, जिसमें ऊना 39.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म दर्ज किया गया। वहीं, जनजातीय क्षेत्र ताबो में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!