न्यूज अपडेट्स
कालाअंब, 21 जून। औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब के अंतर्गत खैरी क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात को खैरी के साथ लगते जंगल क्षेत्र में कुछ स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा। शव की हालत को देखते हुए लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान लखविंद्र सिंह (30 वर्ष) निवासी लट्ठे माजरी, नारायणगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव के आसपास के क्षेत्र की भी पुलिस द्वारा बारीकी से जांच की गई ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए डा. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
उधर एसपीएनएस नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
