न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 20 जून। बिजली बोर्ड मंडल बिलासपुर का एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शनिवार को फिर चिट्टे समेत गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने पशु चिकित्सालय बिलासपुर के पास आरोपी को 1.2 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा।
गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी बागी बिनौला, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पशु चिकित्सालय के पास एक व्यक्ति चिट्टे के साथ किसी का इंतजार कर रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरेंद्र की तलाशी ली तो उसके पास से 1.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
चौंकाने वाली बात यह है कि सुरेंद्र पांच माह में दूसरी बार नशे के साथ पकड़ा गया है। इससे पहले 11 जनवरी 2026 को सुरेंद्र और पुलिस विभाग का एक जवान सुंगल क्षेत्र में 2.85 ग्राम चिट्टे और 17,500 रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार हुए थे।
उस समय विद्युत बोर्ड ने सुरेंद्र को निलंबित करने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अभी तक प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली थी। सुरेंद्र विद्युत बोर्ड मंडल बिलासपुर कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात है।
विद्युत बोर्ड मंडल बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा ने बताया कि पिछला निलंबन प्रस्ताव अभी तक लंबित है। लेकिन इस बार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारियों को बर्खास्त करवाया जाएगा, विभाग में नशा करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
