न्यूज अपडेट्स
नेशनल डेस्क। लोकसभा चुनाव के ठीक बाद देश में महंगाई ने बड़ा हमला बोला है। Commercial LPG सिलेंडर की कीमतों में एक ही दिन में 993 रुपये की रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी की गई है। इस फैसले के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव और आतिशी समेत कई दिग्गज नेताओं ने इसे जनता के साथ 'विश्वासघात' करार दिया है।
कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान ही आगाह किया था कि मतदान खत्म होते ही महंगाई बढ़ेगी। राहुल ने बताया कि पिछले तीन महीनों में गैस के दाम 81% तक बढ़ चुके हैं। फरवरी से अब तक कुल 1,380 रुपये का इजाफा हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि कमर्शियल गैस महंगी होने से ढाबों, होटलों और बेकरी का खाना महंगा होगा, जिससे आम आदमी की थाली पर सीधा असर पड़ेगा। राहुल ने आशंका जताई कि अगली 'स्ट्राइक' पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर हो सकती है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि सिलेंडर के दाम बढ़ने का दर्द वही समझ सकता है जो खुद खरीदकर खाता है। उन्होंने कहा "गैस के दाम बढ़ाकर भाजपा ने जनता पर कोई एहसान नहीं किया है। 1000 रुपये में 7 रुपये कम बढ़ाना सिर्फ दिखावा है। भाजपा महंगाई और बेरोजगारी पर कब चर्चा करेगी?"
आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने दिल्ली के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि अब दिल्ली में एक कमर्शियल सिलेंडर ₹3071.50 का मिलेगा। उन्होंने कहा कि 5 किलो वाले 'छोटू सिलेंडर' की कीमत में भी ₹261 की वृद्धि की गई है, जो सीधे तौर पर रेहड़ी-पटरी वालों और मजदूरों की जेब पर डाका है। उन्होंने इसे भाजपा का 'रिटर्न गिफ्ट' करार दिया।
मजदूर दिवस पर श्रमिकों को मिला महंगाई का तोहफा
कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने कहा कि 1 मई यानी 'मजदूर दिवस' के दिन सिलेंडर की कीमतें बढ़ाना गरीबों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि 5 किलो वाले सिलेंडर का इस्तेमाल सबसे ज्यादा श्रमिक वर्ग करता है और उनकी कमर तोड़कर सरकार ने अपनी संवेदनहीनता का परिचय दिया है।
बाजार पर क्या होगा असर?
जानकारों का मानना है कि कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से मिठाई, रेस्टोरेंट का खाना और कैटरिंग सेवाएं महंगी हो जाएंगी। इससे आने वाले दिनों में खुदरा महंगाई बढ़ने की पूरी संभावना है।
