न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 29 मई। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है। यहां अपनी पत्नी से मिलने ससुराल गए एक दामाद को ससुर और साले के भारी गुस्से का शिकार होना पड़ा। ससुराल वालों ने दामाद का स्वागत करने की बजाय उस पर डंडों और थप्पड़-मुक्कों की बरसात कर दी। इस हिंसक घटना में युवक बुरी तरह घायल हो गया है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक की पहचान हरपाल सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए बिलासपुर के भाखड़ा स्थित अपने ससुराल गया हुआ था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि हरपाल के ससुर और साले ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि ससुर और साले ने मिलकर हरपाल को डंडों से बुरी तरह पीटा और थप्पड़-मुक्के भी मारे। इस भयानक मारपीट के कारण हरपाल सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं।
इस पूरी घटना की शिकायत पीड़ित युवक के पिता हरनाम सिंह ने पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता हरनाम सिंह सोलन जिले के नालागढ़ तहसील के तहत आने वाले गांव रत्योड दूगरी (डाकघर पंजैहरा) के निवासी हैं। हरनाम सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोट कहलूर पुलिस थाना की टीम इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस वजह से ससुराल वालों ने दामाद के साथ इतनी क्रूरता से मारपीट की। आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
