न्यूज अपडेट्स
ऊना, 29 मई। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना स्थित हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोंदपुर जयचंद में हुए पंचायत चुनाव के नतीजों ने स्थानीय राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के गृह क्षेत्र मानी जाने वाली इस पंचायत में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
प्रधान पद के लिए हुए मुकाबले में भाजपा समर्थित उम्मीदवार लखवीर सिंह लक्खी ने उपमुख्यमंत्री के चचेरे भाई अनूप अग्निहोत्री को कड़े मुकाबले में पराजित कर दिया। वहीं उपप्रधान पद पर भाजपा समर्थित प्रवीन कुमार की जीत ने इस परिणाम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया है।
गोंदपुर जयचंद पंचायत को लंबे समय से उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का प्रभाव क्षेत्र माना जाता रहा है। ऐसे में उनके करीबी रिश्तेदार की हार को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। चुनाव परिणाम सामने आते ही क्षेत्र में भाजपा समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ जीत का जश्न मनाया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस चुनाव में मतदाताओं ने पारिवारिक और राजनीतिक प्रभाव से ऊपर उठकर उम्मीदवारों के जनसंपर्क, कार्यशैली और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि मुकाबला बेहद रोचक रहा और परिणाम ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।जीत के बाद क्या बोले विजेता?
प्रधान पद पर विजयी रहे लखवीर सिंह लक्खी ने पंचायत की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वे पूरे क्षेत्र के विकास, पारदर्शी प्रशासन और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे। वहीं उपप्रधान पद पर प्रवीन कुमार की जीत से भी भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया है।
