न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर/सोलन, 04 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में सामने आए वाहन पंजीकरण घोटाले की जांच तेज हो गई है। बिलासपुर से शुरू हुई इस घोटाले की कड़ियां अब सोलन तक पहुंच गई हैं। सोलन पुलिस ने आरटीओ की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बिलासपुर जिला के दो एजेंट भी शामिल हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी VAHAN पोर्टल में अवैध छेड़छाड़ कर वाहन रिकॉर्ड में बदलाव कर रहे थे। इस गड़बड़ी के जरिए बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा किया गया, जिसकी जांच अब गहराई से की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में बिलासपुर के मुकडाना (झंडूता) निवासी अनिल कुमार और दियोथ निवासी नरेश कुमार शामिल हैं। वहीं, सोलन जिला के जितेन्द्र ठाकुर, राज कुमार, जितेन्द्र कुमार और विकास सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार इस घोटाले में करोड़ों रुपये के लेन-देन की आशंका है। साथ ही एक बड़े एजेंट नेटवर्क के सक्रिय होने की भी जांच की जा रही है, जो अलग-अलग जिलों में फैला हो सकता है।
इस मामले का मास्टरमाइंड गौरव भारद्वाज बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है और पुलिस उसकी तलाश में कई राज्यों में दबिश दे रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस घोटाले में अन्य जिलों के कई वाहन दलाल भी पुलिस के रडार पर हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
