न्यूज अपडेट्स
दिल्ली, 15 अप्रैल। (अनिल) देश की राजधानी दिल्ली में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की हेल्पलाइन सेवाएं पिछले कई दिनों से ठप पड़ी हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले करीब 5 दिनों से हेल्पलाइन नंबर (011- 26868694) पर संपर्क करने की कोशिश करने वाले यात्रियों को निराशा ही हाथ लगी है, क्योंकि यह नंबर अस्थायी रूप से बंद बताया जा रहा है।
यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि किसी बस सेवा से जुड़ी समस्या या जानकारी के लिए संपर्क करना हो, तो आखिर वे किस माध्यम का सहारा लें। राजधानी जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर हेल्पलाइन का बंद होना HRTC प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बताया जा रहा है कि इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंची या नहीं, यह भी स्पष्ट नहीं है। यदि प्रबंधन को इस बारे में पहले से जानकारी थी, तो अब तक इसे दुरुस्त क्यों नहीं किया गया—यह एक बड़ा प्रश्न बना हुआ है। साथ ही यह भी चर्चा का विषय है कि कहीं हेल्पलाइन नंबर के बिल भुगतान में लापरवाही तो इसका कारण नहीं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि एक हेल्पलाइन नंबर को सुचारू रूप से संचालित नहीं किया जा पा रहा, तो इससे निगम की आंतरिक व्यवस्थाओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
फिलहाल यात्रियों को उम्मीद है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन जल्द इस समस्या का समाधान करेगा, ताकि राजधानी में सफर करने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी और सहायता समय पर मिल सके।
