न्यूज अपडेट्स
मंडी, 01 अप्रैल। मंडी जिला के तहत कुफरी क्षेत्र के बटाहर में बुधवार को जोगिन्दरनगर डिपो की एक एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय बस में केवल चालक और परिचालक ही सवार थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस किसी नियमित रूट पर जा रही थी, तभी अचानक बटाहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। परिचालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही है।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में कोई सवारी नहीं थी और दोनों कर्मचारी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
