न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 28 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी HRTC द्वारा चलाई जा रही हिम बस पास योजना को प्रदेशभर में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हमीरपुर डिवीजन के अंतर्गत अब तक 37,425 लाभार्थियों ने अपने हिम बस पास कार्ड बनवा लिए हैं, जबकि करीब 2,000 आवेदन अभी प्रक्रिया में लंबित हैं। योजना के प्रति बढ़ती मांग और जनता के रुझान को देखते हुए सरकार ने छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 31 मई 2026 तक कर दिया है।
डिवीजनल स्तर पर इस योजना का संचालन लगातार तेज गति से किया जा रहा है। राजकुमार पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि हमीरपुर डिवीजन के तहत हमीरपुर, बिलासपुर, देहरा, ऊना और नालागढ़ बस डिपो शामिल हैं, जहां सभी बस स्टैंडों के काउंटरों पर हिम बस पास बनाने की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में छात्र, महिलाएं और अन्य यात्री इस सुविधा का लाभ लेने पहुंच रहे हैं और प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी है।
उन्होंने कहा कि हिम बस पास योजना का मुख्य उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को आर्थिक राहत प्रदान करना है। छात्रों को अब 31 मई तक आवेदन करने का अवसर दिया गया है, जिससे वे कम किराए पर नियमित यात्रा कर सकेंगे और उनकी शिक्षा संबंधी आवागमन लागत में काफी कमी आएगी। राजकुमार पाठक ने बताया कि यह निर्णय विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि महिलाओं के लिए हिम बस पास की निर्धारित तिथि पहले ही समाप्त हो चुकी है, लेकिन वे अभी भी 50 प्रतिशत सब्सिडी वाले कार्ड के लिए आवेदन कर सकती हैं। इससे महिलाओं को भी यात्रा खर्च में काफी राहत मिल रही है और वे आसानी से रोजाना आवागमन कर पा रही हैं।
डिविजनल मैनेजर ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इस जनहितकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि HRTC की यह योजना न केवल आर्थिक रूप से राहत देने वाली है, बल्कि यह प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुलभ और मजबूत बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
