न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 30 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश की शान अटल टनल में यातायात नियमों की अनदेखी करना एक पर्यटक को भारी पड़ गया। टनल के भीतर गलत तरीके से ओवरटेकिंग और ओवर-स्पीडिंग करने वाले उत्तर प्रदेश के एक पर्यटक का मनाली पुलिस ने 3500 रुपए का चालान काटा है। मनाली पुलिस ने यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के आधार पर अमल में लाई है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश नंबर (UP-81-DZ-6835) की एक कार अटल टनल के भीतर गलत लेन से दूसरी गाड़ियों को ओवरटेक कर रही थी। इस खतरनाक ड्राइविंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मनाली पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए गाड़ी मालिक पर कार्रवाई की। जांच में सामने आया है कि यह गाड़ी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के अक्षय कुमार के नाम पर पंजीकृत है।
इस मामले पर मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि अटल टनल सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि टनल के भीतर वाहन रोकना, ओवरटेक करना, सनरूफ से बाहर निकलना और निर्धारित गति सीमा से तेज गाड़ी चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
डीएसपी ने यह भी जानकारी दी कि अटल टनल के साऊथ पोर्टल पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार पर्यटकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हैं। इसके अलावा, सुरक्षा के लिए टनल में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और गति सीमा दर्शाने वाले साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं। डीएसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि पर्यटकों द्वारा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी पर्यटक यातायात नियमों को ताक पर रखेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
