न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 28 अप्रैल। जिला बिलासपुर में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर उपायुक्त राहुल कुमार ने आज गर्ल्स स्कूल बिलासपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ प्रदेश सरकार द्वारा स्कूल को हाल ही में सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत को-एजुकेशन संस्थान बनाए जाने के बाद आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की।
उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का आकलन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए बने शौचालयों की स्थिति का निरीक्षण किया और छोटी कक्षाओं के बच्चों के लिए अलग से शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालय परिसर में सुरक्षा के दृष्टिगत बाउंड्री वॉल बनाने के भी निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के महत्व पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिए कि शौचालय निर्माण, बाउंड्री वॉल, भवन मरम्मत और व्हाइटवॉशिंग से संबंधित कार्यों के लिए जल्द एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत को-एजुकेशन व्यवस्था लागू होने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुविधाओं को लेकर संतोषजनक स्थिति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, और इस दिशा में आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।
