न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 07 मार्च। जिला बिलासपुर के कलोल कस्बे में शुक्रवार देर शाम उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार के प्रयास का मामला सामने आया। आरोप है कि इस घटना में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला एक नाबालिग लड़का शामिल है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग आरोपी के घर के बाहर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर के दरवाजे तोड़ दिए और मौके पर खड़ी एक स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को बिगड़ता देख इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि घटना स्थल के आसपास बिजली भी गुल हो गई, जिससे तनाव और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है और इलाके में हालात को नियंत्रण में लेने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चूंकि मामला नाबालिगों से जुड़ा हुआ है, इसलिए आगे की कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं बच्ची को चिकित्सकीय जांच और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
