Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर: बस अड्डे पर अव्यवस्था, बुकिंग काउंटर बंद होने से टिकट के लिए भटक रहे यात्री

News Updates Network
By -
0
Bilaspur: Chaos at bus stand, passengers wandering for tickets as booking counters are closed
बंद पड़ा HRTC का बुकिंग काउंटर: फोटो

न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 07 मार्च। (अनिल)  हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बिलासपुर डिपो में अव्यवस्था का मामला सामने आया है। पिछले तीन दिनों से डिपो का बुकिंग काउंटर बंद पड़ा हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना हजारों यात्री HRTC बसों के माध्यम से सफर करते हैं, लेकिन बुकिंग काउंटर बंद होने के कारण एडवांस टिकट लेने की सुविधा यात्रियों को नहीं मिल पा रही है।

हिमाचल प्रदेश का बिलासपुर जिला परिवहन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। यहां से प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए यात्री HRTC बसों के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। ऐसे में बुकिंग काउंटर बंद होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से बिलासपुर डिपो का बुकिंग काउंटर पूरी तरह बंद है। यदि किसी यात्री को अग्रिम टिकट लेनी हो तो उसके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है। यात्रियों का कहना है कि डिपो में लगातार इस तरह की अव्यवस्थाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इन्हें दूर करने के लिए प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम उठता नजर नहीं आ रहा।

कुछ यात्रियों ने बताया कि जब वे HRTC बस की टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। काउंटर बंद होने के कारण वे टिकट नहीं ले पाए और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। डिपो प्रबंधन की इस अव्यवस्था का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन शुरू होने से पहले यह बुकिंग काउंटर सुबह 5 बजे खुल जाता था और देर रात तक यात्रियों को टिकट की सुविधा उपलब्ध रहती थी। लेकिन फोरलेन शुरू होने के बाद यह सुविधा सीमित कर दी गई और काउंटर का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कर दिया गया। हालांकि पिछले कुछ दिनों से काउंटर पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है।

यात्रियों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि बिलासपुर डिपो के बुकिंग काउंटर को जल्द से जल्द सुचारू रूप से खोला जाए। साथ ही जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी के बावजूद यह अव्यवस्था पैदा हुई है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!