न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 13 मार्च। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान के तहत बिलासपुर जिले की बरमाणा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान एसीसी चौक के पास एक युवक को 94.23 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरमाणा थाना की एक टीम इलाके में नियमित गश्त और नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान एसीसी चौक (बरमाणा) के रेन शैल्टर के पास एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 94.23 ग्राम मादक पदार्थ (चरस) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान लवली कुमार पुत्र राजमल निवासी गांव हियून, डाकघर गियुन, तहसील धर्मपुर व जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ बरमाणा पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ड्रग्स का कारोबार करने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।
एसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
