न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 14 मार्च। बिलासपुर में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। सरकार जहां गैस की निर्बाध आपूर्ति का दावा कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर स्थिति इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटल, रेस्तरां और ढाबा संचालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ताजा स्थिति के अनुसार बिलासपुर में लोग न तो घरेलू और न ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग कर पा रहे हैं। गैस कंपनियों के अधिकांश बुकिंग नंबर बंद बताए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ता ऑनलाइन या फोन के माध्यम से सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। बुकिंग की सुविधा बंद होने से लोगों को सिलेंडर मिलने की उम्मीद भी कम हो गई है और हालात चिंताजनक बनते जा रहे हैं।
स्थानीय दुकानदार प्रतीक शर्मा, जो शर्मा स्वीट्स के संचालक हैं, ने बताया कि गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण दुकान बंद करने की नौबत आ गई है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। जब इस बारे में गैस एजेंसी से संपर्क किया गया तो उन्हें बताया गया कि फिलहाल सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं और चाहें तो 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर से काम चला लें।
प्रतीक शर्मा ने बताया कि हाल ही में कुछ अधिकारी निरीक्षण के लिए आए थे और उन्होंने छोटे सिलेंडरों का प्रयोग न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पहले ही कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और जो विकल्प दिया जा रहा है, उसे इस्तेमाल करने से भी मना किया जा रहा है। ऐसे में दुकानदारों के सामने बड़ी दुविधा की स्थिति पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा कि मजबूरी में आज उन्हें गैस की जगह भट्ठी जलाकर काम करना पड़ा। अगर जल्द ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो दुकान बंद करने की स्थिति बन सकती है।
स्थानीय कारोबारियों ने प्रशासन और गैस कंपनियों से मांग की है कि जल्द से जल्द गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बहाल की जाए ताकि होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य कारोबार प्रभावित न हों।
