न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 30 मार्च। जिला कुल्लू में आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग चन्द्र शर्मा ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिले के सभी नगर निकायों के लिए वार्डवार आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया है।
यह रोस्टर हिमाचल प्रदेश नगर पालिका चुनाव नियम, 2015 के नियम-10 के अंतर्गत जारी किया गया है, जिसके तहत अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण तय किया गया है।
जारी रोस्टर के अनुसार नगर परिषद कुल्लू, मनाली तथा नगर पंचायत भुंतर, बंजार और निरमंड के वार्डों में अलग-अलग श्रेणियों के लिए आरक्षण निर्धारित किया गया है।
नगर परिषद कुल्लू के 11 वार्डों में से कई वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि खोरी रोपा वार्ड अनुसूचित जाति (महिला), कहुधार वार्ड अनुसूचित जनजाति और गांधी नगर वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है।
नगर परिषद मनाली में कुल 7 वार्डों में से भजोगी वार्ड अनुसूचित जाति (पुरुष) और पुलिस स्टेशन एरिया वार्ड अनुसूचित जनजाति (पुरुष) के लिए आरक्षित है, जबकि चार वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
नगर पंचायत भुंतर में शमशी वार्ड अनुसूचित जाति (पुरुष) तथा भुंतर बाईपास के ऊपर वाला वार्ड अनुसूचित जनजाति (पुरुष) के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा कई वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
नगर पंचायत बंजार में घेड़ीगढ़ वार्ड अनुसूचित जाति (पुरुष) के लिए आरक्षित है, जबकि चार वार्ड महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।
नगर पंचायत निरमंड में सिरकोटी वार्ड अनुसूचित जाति (महिला) और पोखटू वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है, वहीं अन्य वार्डों में सामान्य व महिला वर्ग के लिए आरक्षण तय किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आरक्षण रोस्टर आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए लागू रहेगा और इसके अनुसार ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
