न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 01 मार्च। पांवटा साहिब में महिला से साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें महिला के बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से पैसे निकाल लिए गए। बद्रीपुर निवासी सुदेश पत्नी स्व. जगबीर ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि उनके खाते से बिना जानकारी के कई ट्रांजैक्शन किए गए।
शिकायत के अनुसार आरोपी बिल्लू उर्फ विलाल पुत्र याकूब निवासी ग्राम हतछोया, थाना झिंझयाणा, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) ने नैट बैंकिंग और यूपीआई का दुरुपयोग कर महिला के खाते से रकम ट्रांसफर कर ली।
महिला को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब उसने अपने खाते की डिटेल जांची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की डिटेल खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या यूपीआई संबंधी जानकारी सांझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहें।
