न्यूज अपडेट्स
शिमला, 09 मार्च। हिमाचल प्रदेश सरकार के परिवहन विभाग ने शिमला से चंडीगढ़ के लिए प्री-पेड टैक्सी के नए किराए तय कर दिए हैं। इस संबंध में 5 मार्च 2026 को परिवहन विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश प्री-पेड टैक्सी योजना 2004 के तहत शिमला आईएसबीटी से चंडीगढ़ के लिए टैक्सी और मैक्सी कैब के किराए निर्धारित किए गए हैं।
निर्धारित दरों के अनुसार आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ शहर तक टैक्सी का किराया 3000 रुपये तथा मैक्सी कैब का किराया 5000 रुपये तय किया गया है। वहीं आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक टैक्सी का किराया 3500 रुपये और मैक्सी कैब का किराया 5500 रुपये निर्धारित किया गया है।
परिवहन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि ये किराए प्री-पेड टैक्सियों द्वारा पॉइंट-टू-पॉइंट आधार पर लागू होंगे। अधिसूचना अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) आर.डी. नजीम द्वारा जारी की गई है।
