Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: गनपॉइंट पर नेता के बेटे को किडनैप करने का प्रयास, गाड़ी से कूदकर बचाई जान

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 21 मार्च। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नकाबपोश बदमाशों ने गन प्वाइंट पर एक युवक का अपहरण करने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि युवक ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक सत्तासीन सरकार के एक बड़े नेता का बेटा है और वह स्वयं भी एक युवा नेता है।

जानकारी के अनुसार,यह खौफनाक वारदात दिन के समय तारापुर-मशोबरा क्षेत्र में पेश आई। शुक्रवार को बारिश के बीच पीड़ित युवक एक होटल से अपनी गाड़ी में बाहर निकला था। रास्ते में सामने से हिमाचल नंबर की एक आल्टो कार आई। जैसे ही युवक ने उस आल्टो कार को पास देने के लिए अपनी गाड़ी रोकी, अचानक आल्टो की कंडक्टर साइड से एक नकाबपोश हाथ में पिस्टल (बंदूक) लेकर बाहर निकला। वहीं, दूसरी तरफ से एक अन्य नकाबपोश हाथ में लोहे की रॉड लेकर गाड़ी से उतरा।

बदमाशों को हथियारों के साथ अपनी ओर आता देख युवक ने घबराकर अपनी गाड़ी को तेजी से पीछे (रिवर्स) किया, जिससे उसकी गाड़ी एक पहाड़ी से जा टकराई और रुक गई। इसके बाद नकाबपोश बदमाशों ने युवक को बंदूक दिखाकर डराया-धमकाया और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बिठाने की कोशिश की। युवक ने मौके की नजाकत और खतरे को भांप लिया। बदमाशों के चंगुल में फंसने से बचने के लिए उसने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी और वहां से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। दिनदहाड़े हुई इस पूरी वारदात के बाद इलाके में भारी हड़कंप मच गया।

वीआईपी नेता के बेटे से जुड़ी इस शिकायत के मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में चारों ओर नाकाबंदी कर दी गई। देर शाम पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई आल्टो कार को जब्त कर लिया और उसे ढली पुलिस थाना लाया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आल्टो कार पर लगा नंबर फर्जी था और उसके चैसी नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी।

इस गंभीर मामले में ढली पुलिस थाना में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात नकाबपोश आरोपियों के बारे में कड़ी पूछताछ और तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लग सके। मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है और अब मामले के हर पहलू की बेहद बारीकी से गहन जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!