न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 11 मार्च। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक सरकारी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पतलीकूहल क्षेत्र में व्यक्ति का शव उसकी लिव-इन पार्टनर के किराए के कमरे में मिला है। शरीर पर चोट और गहरे घावों के निशान मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतक की लिव-इन पार्टनर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान लाहौल-स्पीति जिले के लोमच गांव निवासी 54 वर्षीय रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाहलमा में चपरासी के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अपने निजी संबंधों के चलते अक्सर कुल्लू जिले के पतलीकूहल क्षेत्र में आता-जाता रहते था।
पुलिस जांच के अनुसार रंजीत सिंह पिछले करीब पांच वर्षों से नम्रता नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। नम्रता पतलीकूहल में किराए के एक कमरे में रहती थी। बताया जा रहा है कि रंजीत सिंह सात मार्च को किसी वाहन संबंधी काम के सिलसिले में पतलीकूहल पहुंचे था और वहीं नम्रता के साथ ठहरा हुआ था।
परिजनों के अनुसार, 9 मार्च की रात रंजीत सिंह की आखिरी बार फोन पर बातचीत उनकी पत्नी टशी पालमो से हुई थी। बताया जा रहा है कि उस दौरान वह नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब नम्रता खुद पुलिस थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि रात के समय उसका रंजीत सिंह के साथ झगड़ा हुआ था। सुबह जब उसने उन्हें उठाने की कोशिश की तो वह नहीं उठा। इसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे में जांच की। इस दौरान रंजीत सिंह का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। मृतक की पत्नी टशी पालमो ने पुलिस को दिए बयान में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रंजीत सिंह के शरीर पर गले, छाती और नाभि के पास गहरे कट और खरोंच के निशान पाए गए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि झगड़े के दौरान किसी नुकीली वस्तु से वार कर उनके पति की हत्या की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के लिए मंडी से आरएफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं नम्रता को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आज मृतक रंजीत सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
