न्यूज अपडेट्स
ऊना, 01 मार्च। हिमाचल के ऊना जिलें में अंब-दिल्ली जन शताब्दी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। क्षत-विक्षत शव और घटना की भयावहता ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
रविवार की वह सुबह पंजोआ कलां के लिए एक खौफनाक खबर लेकर आई। जब पूरा इलाका गहरी नींद में था, तब सुबह करीब 4:30 बजे अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई जन शताब्दी एक्सप्रेस अपनी रफ्तार पकड़ रही थी। पंजोआ कलां के पास रेलवे ट्रैक पर पैदल चल रही एक करीब 60 वर्षीय महिला के लिए यह ट्रेन काल बनकर आई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला का शरीर इंजन की चपेट में आने के बाद करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। घटनास्थल पर मंजर इतना विचलित करने वाला था कि दूर-दूर तक महिला के अवशेष बिखर गए थे।
हादसे के तुरंत बाद ऊना रेलवे पुलिस की टीम, मुख्य आरक्षी मोहिंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के साक्ष्य जुटाए और स्थानीय पंचायत प्रधान बलविंदर सिंह बिल्ला को भी शिनाख्त के लिए बुलाया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो सकी।
तलाशी के दौरान महिला के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या ऐसा सामान नहीं मिला जिससे उसका नाम या पता मालूम हो सके। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि महिला शायद मानसिक रूप से अस्वस्थ रही होगी, जो भटकते हुए अंधेरे में ट्रैक तक पहुंच गई।
फिलहाल पुलिस ने शव के अवशेषों को एकत्रित कर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, अगले 72 घंटों तक शव को पहचान के लिए शवगृह में रखा जाएगा।
"हमने सभी नजदीकी थानों को महिला के हुलिए और घटना की जानकारी साझा कर दी है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा सके। शिनाख्त के प्रयास युद्ध स्तर पर जारी हैं।"
— रेलवे पुलिस टीम
